Showing posts with label बुध. Show all posts
Showing posts with label बुध. Show all posts

Friday, March 23, 2018

GEMINI-ZODIAC SIGN "मिथुन राशि"

                  राशि चक्र की तीसरी राशि मिथुन है जिस पर बुध का स्वामित्व माना गया है. यह वायु तत्व की प्रथम राशि है इसके स्वामी बुध को बुद्धिमतापूर्ण ग्रह माना गया है. इस राशि में कोई भी ग्रह उच्च या नीच का नहीं होता. वायु तत्व राशि होने के कारण ये  लोग स्मृतियों में रहते हैं जैसे अपने जमाने की बातें सोचना और अक्सर लोगों या परिवारजनों के समक्ष उनका वर्णन करना. कल्पनाशीलता अधिक होती है और यह परिवर्तन को पसंद करने वाले होते हैं.
             
                       मिथुन राशि नैसर्गिक कुंडली चक्र में है तृतीय भाव में पडती है, अतः इस राशि को पराक्रम  का प्रतीक भी माना जाता है. संघर्ष करने में ये लोग  अधिक सक्षम होते हैं.

                                     बालकों के विषय में बात की जाए तो मिथुन राशि के बालक काफी चपल व चंचल होते हैं. इनका शारीरिक विकास शुरुआत में इतना अधिक नहीं हो पाता है. इनकी हंसी वृषभ की मधुर मुस्कान से कुछ अलग चंचलता लिए हुए होती है तथा सदैव ही कुछ ना कुछ करते रहने कि इनकी प्रवृत्ति मेष  से ज़रा  हटकर होती है. मिथुन के प्रतीक में भी दो बालकों का चित्र होता है. प्राचीन संकेतों में में इन्हें भाई बहन अथवा जुडवा बताया गया है.

                               यह द्विस्वभाव राशि है और इसके स्वामी बुध की प्रकृति भी द्वैत होती है. यह गुण मिथुन राशि पर स्पष्ट रुप से दिखाई देता है. चंचलता इनका स्थाई भाव है तथा किसी एक कार्य को करने से पहले दूसरे कार्यों को अपने हाथ में ले लेना और भी कार्य पूरा नहीं कर पाना यह इस राशि का स्वभाव होता है. बुध के स्वामित्व, वायु तत्व और नैसर्गिक कुंडली में तृतीय स्थान पर पड़ने के कारण इस राशि को कम्युनिकेशन की राशि भी कहा गया है. विभिन्न समूहों में आपस में वार्तालाप को सुचारू करने का काम इस राशि के द्वारा ही किया जाता है. द्विस्वभाव होना इस राशि को एक से अधिक कार्य करने की योग्यता भी प्रदान करता है तथा नए माहौल में स्वयं को ढालने की क्षमता भी प्रदान करता है. विपरीत परिस्थितियों में साहस बटोरकर दृढ़ता से संघर्षरत रहना मिथुन राशि का बहुत बड़ा गुण होता है.

                                      सूक्ष्मदर्शी राशि होने के कारण ये  लोग स्थितियों का सूक्ष्म परीक्षण करते  है. इनकी बुद्धि तर्कसम्मत और स्पष्ट होती है. ये  केवल कंठस्थ विषयों को दोहराने का काम नहीं करते बल्कि मानसिक गुणों के आधार पर श्रेष्ठता को प्राप्त करने का प्रयास करते  है. मिथुन के जातक परिवर्तनशील होते हैं तथा अपनी शक्तियों को विस्तारित करने के साथ-साथ अपने कर्मों का विस्तार अलग-अलग विषयों पर करते रहते हैं. बुध द्वारा शासित होने के कारण इनकी जिज्ञासा बहुत अधिक होती है तथा यह अलग-अलग तथ्यों को खोजने का प्रयास करते रहते हैं ,और प्रत्येक विषय में गहराई तक जा कर हर बात का पता लगाते हैं जैसे कि वह उस विषय पर कोई अनुसंधान कर रहे हो. ये  एक श्रेष्ठ पत्रकार या योजना बनाने वाले भी हो सकते हैं. इन्हें तथ्यों को याद रखने में भी कोई दिक्कत नहीं होती, हां यह अवश्य है कि वह किसी एक विषय पर एकाग्र नहीं हो पाते ,उनके विचारों का फैलाव बहुत बड़ा होता है.
                                                            Image result for मिथुन राशि
                               ये लोग  प्रश्न पूछने से कभी हिचकते नहीं है और तब तक प्रश्न या प्रयास करते रहते हैं जब तक कि उन्हें किसी विषय विशेष के बारे में स्पष्ट विचार प्राप्त ना हो जाए और ये  उसे पूरी तरह समझ न लें. संवाद इस राशि का एक महत्वपूर्ण गुण होता है. दो या दो से अधिक व्यक्ति पास- पास बैठकर कुछ देर के बाद चुप हो जाते हैं लेकिन उनमें यदि कोई एक मिथुन का हो तो चुप्पी के स्थान पर संवाद में निरंतरता बनी रहती है यह इनका नैसर्गिक गुण होता है. संवाद के साथ साथ हास्य पर भी इस राशि का स्वामित्व होता है. जीवन की  हर छोटी मोटी घटनाओं में हास्य ढूंढ लेना और लोगों को हंसाना मिथुन राशि की नैसर्गिक प्रवृत्ति होती है.

                                इस राशि में बुध के स्वामित्व के कारण कुछ बचपना पाया जाता है, जिसे समय-समय पर देखा जा सकता है. यदि ये  अपने जीवन में एकाग्रता और धैर्य  को अपना लें तो जिस तरह से ये किसी कार्य को पूरा कर सकते हैं उस का मुकाबला कोई भी नहीं कर सकता.
                                 कद काठी के विषय में बात की जाए तो मिथुन राशि लंबा और सीधा शरीर देती है इनके हाथ लंबे व पैर पतले होते हैं. इनका रंग सामान्य गेहूंआ  होता है तथा सामान्यतया इनकी ठोड़ी पर एक निशान बना होता है.
                          बुध को संदेशवाहक भी कहा गया है तथा वायु तत्व राशि होने के कारण मिथुन राशि के जातक दूत कर्म का निर्वाह करने में निपुण होते हैं. दूसरे के मन की बात को समझते हैं तथा सदैव मीठी बातें ही किया करते हैं. ये  लोग अध्ययनशील होते हैं तथा इनकी रूचि प्रकृति के रहस्य व रहस्यमय विषयों की ओर भी होती है. बुध को रिपोर्टर कहा गया है तथा वायु ध्वनि के प्रसार का माध्यम है अतः ये  लोग समाचार पत्र, न्यूज़ एजेंसी, रेडियो आदि विभागों में काम करते हुए मिल जाते हैं. सामान्यतया ये  लोग जो कार्य करते हैं उनमें छोटी यात्राओं से जुड़े कारोबार, शिक्षा, लेखन, मुद्रण, प्रकाशन, तार विभाग, टेलीफोन, गणित, एजेंसी जैसे कार्य होते हैं.
             
                                इन्हें गुप्त प्रेम संबंधों के द्वारा कई बार भारी  नुकसान भी उठाना पड़ सकता है. धनार्जन के प्रति ये  लोग सदैव सजग रहते हैं तथा मूल कार्य के अलावा भी प्रयासरत रहते हैं, कि उन्हें अधिक धन की प्राप्ति हो सके. जैसे कई लोग अपनी नौकरी के अलावा ट्यूशन पढ़ाने का काम कर सकते हैं ,कुछ कार्यालय का काम घर पर लाकर करते हैं ,कोई ओवरटाइम या कुछ ना कुछ ऐसा जिससे निश्चित आय में बढ़ोतरी की जा सके प्रयास में लगे रहते हैं .मिथुन राशि वाले जल्दी से मित्रता करने में समर्थ होते  है और गलती ढूंढने में भी. ये लोग  बंध कर नहीं रहना चाहते बल्कि विभिन्नता को पसंद करते हैं.

                                मिथुन राशि फेफड़ों को सूचित करती है अतः हवा के द्वारा होने वाली बीमारियां जैसे सर्दी जुकाम, सांस की बीमारी इत्यादि इन्हें होने की संभावना अधिक होती है.
                                       विशेष रूप से कहा जाए तो संवाद और हास्य इनके जीवन के दो स्तंभ होते हैं तथा ऐसे जातक आपको किसी न किसी ऐसे कार्य में संलग्न दिख  जाएंगे जो कभी समाप्त होने वाला नहीं है, पर ये  हार नहीं मानते धैर्य और साहस के साथ लगे रहते हैं.